*प्रख्यात गीतकार डॉ बुद्धिनाथ मिश्र को मिलेगा महर्षि वाल्मीकि सम्मान, बहेगी उनके गीतों की रसधार*
👉हिंदी विद्यापीठ में होगा जन रामायण सम्मान सह कवि सम्मेलन
25 दिसम्वर, देवघर
आगामी बुधवार 29 दिसम्बर को हिंदी विद्यापीठ अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त गीतकार डॉ बुद्धिनाथ मिश्र के एक बार और जाल फेंक रे मछेरे सहित उनके मधुर गीतों की रसधार बहेगी। अंतरराष्ट्रीय साहित्य कला संस्कृति संगम *साहित्योदय* के बैनर तले हिंदी विद्यापीठ में जन रामायण सम्मान सह कविसम्मेलन में डॉ बुद्धिनाथ मिश्र को महर्षि वाल्मीकि सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री कृष्णानंद झा करेंगे। साहित्योदय के संस्थापक-अध्यक्ष प्रख्यात कवि पंकज प्रियम ने बताया कि गत 5-6 दिसम्बर को करीब 27 घण्टे का जन रामायण अखण्ड काव्यार्चन कर साहित्योदय ने विश्व कीर्तिमान बनाया है। जिसमें पूरी दुनिया के करीब ढाई सौ रचनाकर, कलाकार और प्रख्यात कवियों ने रामायण पर मौलिक रचनाओं का पाठ किया जिसे गोल्डनबुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया जा चुका है। इसी के निमित डॉ बुद्धिनाथ मिश्र जी को महर्षि वाल्मीकि सम्मान से अलंकृत किया जा रहा है। इसी के साथ करीब 250 लोगों को रामरत्न, रामसेना, साहित्योदय सारथी, माता शबरी, गोस्वामी तुलसीदास और रामलला सम्मान दिया गया है। देवघर के बाद लखनऊ, दिल्ली, गिरिडीह, धनबाद, राँची, अयोध्या समेत कई शहरों में जन रामायण वर्ल्ड रिकॉर्ड सम्मान का आयोजन किया जा रहा है। वर्ल्ड चैंपियन पंकज प्रियम ने बताया कि *जन रामायण* और *श्री राम काव्यार्चन* ढाई सौ से अधिक ख्यातिप्राप्त अंतरराष्ट्रीय रचनाकारों द्वारा सरल हिंदी भाषा में रचित एक अनूठा महाग्रंथ होगा जिसका भव्य लोकार्पण अगले वर्ष अयोध्या में होगा। गौरतलब है कि साहित्योदय पिछले कई वर्षों से साहित्य, कला और संस्कृति के विकास में कार्यरत है। पिछले कोरोनाकाल में सभी को अवसाद से निकालने और मानसिक सम्बल प्रदान करने में महती भूमिका निभाई है। सिर्फ कोरोना काल में ढाई हजार से अधिक लोगों को ऑनलाइन, ऑफलाइन कवि सम्मेलन में मंच प्रदान कर चुका है। साहित्योदय द्वारा त्रैमासिक पत्रिका के साथ-साथ पुस्तकों का भी प्रकाशन किया जा रहा है। इसी वर्ष 4 अप्रैल को बाबा बैद्यनाथ साहित्य महोत्सव में काव्यसागर, शब्दमुसाफ़िर, कोरोना काल और रूदाली का लोकार्पण किया गया था।
इस आयोजन को सफल बनाने में संजय करुणेश, सुरेन्द्र उपाध्याय, हिमांशु झा, किशोरी भूषण, राजेश पाठक, प्रतिमा सेठ समेत पूरी साहित्योदय टीम लगी है।